पैसा जमा करने के बावजूद किसानों को नहीं मिल रहा नलकूप कनेक्शन का सामान,
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष बोले, सुनवाई ना होने पर करेंगे धरना प्रदर्शन।
हमीरपुर जनपद के राठ में नलकूप कनेक्शन के लिए रकम जमा करने के बाद भी किसानों को महीनों तक सामग्री न मिलने से किसानों में आक्रोश व्याप्त है। ट्रांसफार्मर, पोल और तार जैसी आवश्यक सामग्रियों की अनुपलब्धता का हवाला देकर विद्युत विभाग किसानों को लगातार दौड़ाया जा रहा है।
आधा सैकड़ा से अधिक किसान लंबे समय से अपने नलकूप कनेक्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अधिकांश किसानों ने गैर-सब्सिडी योजना के तहत आवेदन करते हुए विभाग द्वारा तय राशि भी जमा कर दी है, इसके बावजूद उन्हें समय पर कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है।
इस मामले में शिकायतें बढ़ने पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने सभी बिजली कंपनियों को लंबित नलकूप कनेक्शन प्रकरणों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, किसानों का कहना है कि दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम क्षेत्र में स्थिति सबसे अधिक खराब है। कई बार स्टोर पर बुलाने के बाद भी उन्हें अधूरा सामान दिया जा रहा है — कभी ट्रांसफार्मर, तो कभी पोल या तार बाकी बताकर “बाद में आना” कहा जाता है।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह राजपूत ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि शीघ्र सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई तो संगठन जिला मुख्यालय पर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेगा।
वहीं विद्युत गोदाम इंचार्ज ने सफाई देते हुए बताया कि डिमांड के अनुरूप नलकूप कनेक्शन की सामग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिसके कारण वितरण में देरी हो रही है।
