हमीरपुर जनपद में राठ कोतवाली क्षेत्र के धनौरी गांव के पास तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई जिससे हुए हादसे में दोनों बाइकों में सवार तीन लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए जिन्हें मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस के द्वारा तत्काल इलाज हेतु राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार राठ क्षेत्र के बिहूनी गांव का निवासी नीलू पुत्र हर प्रसाद अपने गांव के ही निवासी साथी रामबाबू के साथ राठ से मजदूरी कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने गांव बिहूनी जा रहे थे। सभी रास्ते में राठ कोतवाली क्षेत्र के धनोरी गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई जिससे हुए हादसे में नीलू कुमार और रामबाबू के अलावा दूसरी बाइक पर सवार युवक आकाश पुत्र अजय भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से तीनों घायलों को तत्काल इलाज हेतु राठ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें नजदीकी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
