झांसी। बुधवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन झांसी के मंडल अध्यक्ष एस.के. भदौरिया के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में पत्रकारों की कार्य परिस्थितियों में सुधार एवं सुविधाओं के विस्तार से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं। एसोसिएशन ने मांग की कि तहसील और ब्लॉक स्तर पर कार्य कर रहे पत्रकारों को शासन स्तर से मान्यता प्रदान की जाए, ताकि उन्हें भी सरकारी योजनाओं, सूचनाओं और कार्यक्रमों में आमंत्रण व सहयोग प्राप्त हो सके। इसके साथ ही लखनऊ स्तर पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का स्थायी कार्यालय स्थापित किए जाने की मांग की गई, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। इसके अलावा पत्रकारों को चिकित्सा सुविधा, परिवहन सुविधा, और आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड उपलब्ध कराए जाने की भी प्रमुख मांग रखी गई।प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार सीमित संसाधनों के बावजूद समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज़ को शासन तक पहुँचाने का कार्य करते हैं, ऐसे में उन्हें आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।
