हमीरपुर / जनपद में राठ कस्बे के गुलाब नगर मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहे एक पुलिसकर्मी ने मकान मालकिन के किराया मांगने से नाराज होकर बेवा मकान मालकिन के साथ गाली गलौज करते हुए उसकी जमकर पिटाई कर दी। तथा मकान मालकिन और उसके पुत्र को फर्जी मुकदमे में फंसाने सहित मकान में कब्जा करने की धमकी दे डाली। घटना के बाद दहशत में आई बेवा महिला ने राठ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
राठ कस्बे के गुलाब नगर इलाके की निवासी महिला पार्वती पत्नी स्वर्गीय धर्मेंद्र ने शनिवार की दोपहर करीब 12:00 बजे राठ कोतवाली में घटना की लिखित तहरीर देकर बताया कि बीते तीन माह पूर्व उसने पुलिस विभाग में तैनात एक हेड कांस्टेबल (सिपाही) को किराए पर अपना मकान रहने के लिए दिया था। बताया कि उक्त पुलिसकर्मी ने उसे अभी तक किराए के रूप में एक भी रुपए नहीं दिया है। बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 7:00 बजे जब उसने अपने मकान का किराया मांगा तो उक्त दबंग सिपाही ने उसे किराया देने से इनकार करते हुए गाली गलौज करना शुरू कर दिया। आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त सिपाही और उसकी पत्नी ने मिलकर उसके साथ मारपीट भी की। तथा उसके मकान में कब्जा करने और उसे और उसके पुत्र को फर्जी मुकदमे में फसाने की धमकी भी दे डाली। बताया कि दबंग सिपाही के द्वारा की जा रही दबंगई सेवाएं अत्यधिक भयभीत है। बताया कि उसने शनिवार को राठ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि फिलहाल प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। तथा प्रकरण को संज्ञान में लेकर जांच कराई जाएगी।
