हमीरपुर / जनपद में सरीला तहसील के जलालपुर थाना क्षेत्र के हरसुंडी गांव में ग्राम प्रधान और सचिव के द्वारा किये बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान और सचिव ने सड़क सम्बंधित बिना कार्य कराये ही लाखों का फर्जी भुगतान ठेकेदार को करा दिया है। जबकि सम्बंधित सड़क की हालत ज्यों कि त्यों जर्जर अवस्था में है तथा ग्रामीण कीचड़ भरे रास्ते से निकलने को मजबूर हैं। जबकि उक्त रास्ता अति महत्वपूर्ण है। ग्राम प्रधान और सचिव के द्वारा किए गए घोटाले से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी से मामले की जांच की मांग की है।
सरीला तहसील के जलालपुर थाना क्षेत्र के हरसुंडी गांव के निवासी ग्रामीण बाबूलाल, महेश, रामजीवन, स्वतंत्र, गया यादव, भईयालाल, सुर्जन सहित अन्य तमाम ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी सरीला को शिकायती पत्र देकर बताया कि हरसुंडी गाँव में अखिलेश के बाड़े से पानी की टँकी तक सीसी निर्माण कार्य नही कराया गया है। जबकि उक्त सीसी निर्माण कार्य के नाम पर फर्जी तरीके से 1 लाख 92 हजार 853 रुपये की धनराशि निकाल ली गई है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान और सचिव ने सरकारी धन का बंदरबांट करने के उद्देश्य से यह बड़ा घोटाला किया है। जबकि संबंधित सड़क अत्यधिक जर्जर अवस्था में है। तथा ग्रामीणों को कीचड़ भरे रास्तों से मजबूरी में आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त मार्ग पर मंदिर और पानी की टंकी के अलावा न्यूली बांसा गांव भी पड़ता है। ग्रामीणों ने कीचड़ युक्त सड़क पर प्रदर्शन कर बड़े पैमाने पर हुए भ्रष्टाचार और घोटाले की निष्पक्षता पूर्वक जांच कराए जाने और सरकारी धन का बंदरबांट करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गुहार लगाई है। मामले में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ADO पंचायत को भेजकर प्रकरण की जांच कराई जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
