हमीरपुर / जनपद में चिकासी थाना क्षेत्र के रहंक बम्बी के पास खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे 58 वर्षीय एक किसान को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे हुए हादसे में किसान की मौत हो गई है। घटना की जानकारी लगते ही मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा मंगलवार को मृतक किसान के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राठ क्षेत्र के चिकासी थाना अंतर्गत रहंक गाँव का निवासी 58 वर्षीय किसान नाथूराम पुत्र मुन्नीलाल खंगार जो कि अपनी रिश्तेदारी में उरई जाने के लिए दोपहर करीब 12 बजे रहंक बम्बी पर खड़ा हुआ था। तभी उसी दौरान तेज रफ्तार राठ की ओर से जा रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे हुए हादसे में किसान नाथूराम सड़क पर गिरकर घायल हो गया। जिसे इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने किसान नाथूराम का प्राथमिक उपचार कर उसे उरई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां उरई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान किसान नाथूराम की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक किसान नाथूराम के हिस्से में सात बीघा कृषि भूमि थी। जिसमें खेती किसानी कर वह अपने परिवार का भरण पोषण करता था। जो कि अपने पीछे पत्नी शकुंतला देवी के अलावा इकलौते पुत्र नरेश और पुत्री रिंकी और पिंकी सहित अन्य सभी परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। मामले में चिकासी थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक व्यक्ति के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
