हमीरपुर / जनपद में राठ तहसील के मझगवां थाना क्षेत्र के खड़ाखर मौजा में स्थित सिद्ध बाबा स्थान के पास पहाड़ के अवैध खनन से बने तालाब नुमा गहरे गड्ढे में मंगलवार को खड़ाखर गांव का निवासी संतोष कुमार रैकवार पुत्र लालदास नहाते समय डूब गया था। जिसके बाद मौके पर पहुंची मझगवां थाना पुलिस के अलावा फायर ब्रिगेड की टीम और लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए तालाब नुमा गहरे गड्ढे में डूबे हुए व्यक्ति को निकालने का प्रयास किया था। जिन्हें सफलता नहीं मिल सकी थी। लेकिन आज शनिवार को पानी में डूबे व्यक्ति संतोष कुमार रैकवार का शव अपने आप ही उतरता हुआ नजर आने लगा। जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में परिजनों व ग्रामीणों ने शव को पानी से बाहर निकाला। मझगवां थाना पुलिस ने मृतक व्यक्ति के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक व्यक्ति संतोष कुमार रैकवार के परिजनों ने बताया कि बीती मंगलवार को संतोष कुमार रैकवार नहाने के दौरान तालाब नुमा गहरे गड्ढे में डूब गया था। जिसका भाव आज शनिवार को बरामद हुआ है बताया कि मृतक संतोष कुमार रैकवार अच्छा तैराक और गोताखोर भी था। बावजूद इसके वह तालाबनुमा गहरे गड्ढे में डूब गया। वहीं शव बरामद होने से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है तथा मृतक की पत्नी रामसखी, मां पार्वती के अलावा पुत्र राहुल, अर्जुन, मोहित और दिनेश सहित अन्य सभी परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है मामले में मझगवां थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
