शरद अग्रवाल पत्रकार दैनिक बुंदेलखंड बुलेटिन जिला ब्यूरो चीफ छतरपुर
छतरपुर/शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री लाडली लक्ष्मी योजनान्तर्गत लाडली लक्ष्मी उत्सव का आयोजन ग्राम पंचायत, नगर पालिका अथवा नगर पंचायत एवं जिला स्तर पर करने के निर्देश थे जिसके पालन में जिला स्तर पर छतरपुर में शुक्रवार 2 मई 2025 को लाडली लक्ष्मी उत्सव कार्यक्रम का आयोजन महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय के सभाकक्ष में किया गया। जिसमें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र से लाडली लक्ष्मी बालिकाएँ एवं उनके अभिभावक उपस्थित हुए। कार्यक्रम में मंच के संचालन से लेकर समस्त सांस्कृतिक कार्यक्रम लाडली बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि प्राप्त लाडली लक्ष्मी बालिकाओं को जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित बालिकाओं में महिला क्रिकेट में डब्ल्यूपीएल खेलने और सीनियर भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयनित कु. क्रांति गौड तथा योगा, मलखंभ, बेसबॉल एवं कक्षा 10वी, 12वीं और स्नातक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाएँ नित्या गंगेले, संजना अरजरिया, अनन्या सोनी, उर्मिला अहिरवार, खुशी अरजरिया, महरिफा खातून, हर्षिता मिश्रा एवं अवंतिका तिवारी शामिल रहीं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव सिंह द्वारा बढ़ते लिंगानुपात, बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा बालिका शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही लाड़ली बालिकाओं द्वारा अपने अनुभव व्यक्त किए गए। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव सिंह एवं सहायक संचालक अरूण प्रताप निरंजन, परियोजना अधिकारी नेहा जैन, विक्रम सिंह, कृपाल आठिया एवं पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएँ, लाडली बेटियां, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में लाडली लक्ष्मी बालिकाओं द्वारा महाविद्यालय के प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया। लाडली उत्सव कार्यक्रम पूरे जिले में नगरीय निकाय एवं पंचायत स्तर पर भी आयोजित किए गए।
