बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
महोबा । मूंगफली खरीद केंद्रों पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। पूर्व सांसद और भाजपा नेता गंगाचरण राजपूत ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जांच की मांग की है। राजपूत के अनुसार, सरकार ने 1 नवंबर से 29 जनवरी तक मूंगफली खरीद का समय निर्धारित किया था। लेकिन खरीद केंद्रों पर जानबूझकर सर्वर डाउन का बहाना बनाकर एक महीने बाद खरीद शुरू की गई, जिससे अधिकांश किसान लाभ से वंचित रह गए।
खरीद केंद्रों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। टोकन होने के बावजूद कई किसानों की उपज नहीं खरीदी गई। केंद्र प्रभारियों पर व्यापारियों से माल खरीदने और किसानों से खरीद के एवज में रिश्वत लेने के आरोप हैं। फोन-पे और अन्य डिजिटल माध्यमों से ली गई रिश्वत के प्रमाण भी मिले हैं। पूर्व सांसद ने बताया कि इस मामले में ऑडियो-वीडियो सहित कई साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। वे न्यायालय में रिट याचिका दायर करेंगे और चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत विधानसभा में यह मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने एक महीने का अतिरिक्त समय देने की मांग की है, ताकि बाकी किसान भी अपनी उपज बेच सकें। इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्रीय कृषि मंत्री से भी जांच की मांग की गई है।
Please follow and like us:
