महोबा । खनका बाजार स्थित शारदा मंदिर में एक अनोखी घटना सामने आई है। सुबह मंदिर के गेट पर एक बोरी में राधा-कृष्ण की मूर्तियां मिलीं। मूर्तियां साफ और सलीके से लपेटी हुई थीं। स्थानीय निवासी माता प्रसाद ने बताया कि उन्होंने दो अज्ञात युवकों को मंदिर के गेट पर देखा। युवकों ने बोरी को सावधानी से रखा। उन्होंने हाथ जोड़कर प्रणाम किया और तेजी से वहां से चले गए। शहर कोतवाल अर्जुन सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में ये मूर्तियां किसी अन्य मंदिर से चोरी की गई प्रतीत होती हैं। संभवतः: चोरों ने अपराधबोध या भय के कारण मूर्तियां वापस कर दीं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मूर्तियां किस मंदिर से चुराई गई थीं।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चर्चा का दौर जारी है। कुछ लोग इसे चोरों के हृदय परिवर्तन का संकेत मान रहे हैं। वहीं कुछ का मानना है कि यह केवल भय के कारण उठाया गया कदम है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि आस्था और भय, दोनों का स्थान मानव मन में गहराई तक है, इतना गहरा कि वह किसी को भी अपने रास्ते से लौटा सकता है, चाहे वह राह अपराध की ही क्यों न हो।
Please follow and like us:
