बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
कोंच। कोंच ब्लॉक के दो गांवों में प्रधान और वार्ड सदस्यों के रिक्त चल रहे पदों पर उपचुनाव के लिए शुरू हुई निर्वाचन प्रक्रिया में शनिवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय में नामांकन दाखिल किए गए। सुनायां प्रधान पद पर चार लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं जबकि गांव चांदनी में दो वार्डों में रिक्त पदों के लिए केवल दो ही नामांकन पत्र भरे गए जिसके चलते वे निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। इन दोनों गांवों में नौकरी लगने के बाद दिए गए इस्तीफे और सदस्यों के निधन के चलते ये सीटें खाली हुईं हैं।
ब्लॉक कार्यालय कोंच में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्वाचन अधिकारी जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन की देखरेख में सुबह 10 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई जो शाम 4 बजे तक चली। ग्राम पंचायत सुनायां में रिक्त हुए प्रधान पद पर चुनाव लड़ने के प्रति लोगों में खासी दिलचस्पी दिखाई दी। इस पद के लिए चार लोगों दिलीप कुमार, रामपाल सिंह, मानवेंद्र सिंह व गिरिजा शंकर ने नामांकन दाखिल किए हैं। उधर, इसी कोंच विकास खंड की ग्राम पंचायत चांदनी में दो वार्ड सदस्यों के रिक्त पदों पर नामांकन पत्र भरे गए। वार्ड नंबर एक के लिए रामबहादुर का इकलौता नामांकन दाखिल हुआ तथा वार्ड नंबर पांच के लिए भी इकलौता नामांकन रूमा देवी ने दाखिल किया। वार्ड सदस्यों पर एकल नामांकन आने के कारण उनके निर्विरोध निर्वाचित होने में कोई अड़चन नहीं है।
गौरतलब है कि ब्लॉक कोंच की ग्राम पंचायत सुनायां के प्रधान योगेंद्र सिंह की सरकारी नौकरी लग गई है जिसके चलते उन्होंने पिछले दिनों ही प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया था। इधर, ग्राम पंचायत चांदनी में वार्ड नंबर एक के सदस्य विकास झा एक दुर्घटना में जान गंवा बैठे थे एवं वार्ड नंबर पांच की बुजुर्ग महिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमारी का स्वाभाविक निधन हो जाने के कारण यह दोनों पद खाली पड़े थे। अब इन दोनों ग्राम पंचायतों में उपचुनाव हो रहा है जिसमें शनिवार को नामांकन दाखिल किए गए। 10 फरवरी सोमवार को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी एवं 11 फरवरी को सुबह 10 से शाम 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और 3 बजे से चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। 19 फरवरी को दोनों गांवों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 21 फरवरी को कोंच ब्लॉक में सुबह 8 बजे से मतगणना होगी एवं परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
