बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
कदौरा/जालौन । जिले के कदौरा थाना क्षेत्र में राम सौंधी गांव में डेढ़ वर्षीय बच्ची सारती की पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बच्ची की मां रीना घर में बर्तन धो रही थीं। घटना के समय सारती अपने घर के पास एक बड़े टब में पानी से खेल रही थी।इसी दौरान उसकी मां किसी काम से घर से बाहर चली गईं। खेलते-खेलते बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी से भरे टब में गिर गई। कुछ देर तक पानी में डूबे रहने के कारण वह बेहोश हो गई। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली, तो वे तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतका के पिता सीताराम अहिरवार और माता रीना अत्यंत गरीबी में जीवन यापन कर रहे हैं। परिवार में दो बड़ी बेटियां काजल (15 वर्ष), आरती (10 वर्ष) और एक बेटा कल्लू (8 वर्ष) भी हैं। परिवार कच्चे मकान में रहता है और माता-पिता मेहनत-मजदूरी करके किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। थाना प्रभारी प्रभात सिंह के अनुसार, परिजनों ने न तो कोई सूचना दी है और न ही अस्पताल का मेमो प्राप्त हुआ है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
