संवाददाता – नीलेश एन.के.डी.
गांधी ग्रामोद्योग महाविद्यालय, भरोसा मोंठ में गुरुवार को “सेवा संकल्प अभियान–2026” के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत-2047 की थीम पर आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
भाषण और गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षा, संस्कार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि विधायक जवाहर लाल राजपूत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि युवा शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ें, तो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
विधायक ने कहा, “सेवा का संकल्प ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव है।” उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विधायक जवाहर लाल राजपूत ने प्रशंसा प्रमाण पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रहित और समाज सेवा के लिए संकल्प दिलाया। महाविद्यालय की प्राचार्या पूनम सिन्हा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
