संवाददाता – नीलेश एन.के.डी
मोंठ कस्बा में शीघ्र ही विधायक निधि से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सब्जी मंडी एवं मीट मंडी का निर्माण कराया जाएगा। खास बात यह है कि दोनों मंडियों को अलग-अलग स्थान पर विकसित किया जाएगा, जिससे दुकानदारों और आम नागरिकों को सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।
गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों के साथ चर्चा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान में मंडी की समुचित व्यवस्था न होने से व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और नगर में जाम एवं गंदगी की समस्या भी उत्पन्न होती है। नई मंडियों के निर्माण से इन समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
विधायक ने बताया कि सब्जी मंडी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिसमें पक्के शेड, पानी की व्यवस्था, जल निकासी प्रणाली, प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग की सुविधा शामिल होगी। वहीं मीट मंडी को अलग स्थान पर विकसित कर स्वच्छता मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और नगर की साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान कपिल मुदगिल, विकास निरंजन, दिनेश राजपूत, पार्षद धर्मेंद्र वर्मा ,महेंद्र राजपूत, मुकेश राजपूत, अनिल सोनी, सुरजीत राजपूत एवं गुड्डू पाण्डेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
