झांसी/ललितपुर।
झांसी-ललितपुर के लोकप्रिय सांसद श्री अनुराग शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर उनके समर्थकों, शुभचिंतकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे संसदीय क्षेत्र में सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में मनाने के स्थान पर समाज के जरूरतमंद, असहाय, निराश्रित एवं वंचित वर्गों के बीच पहुंचकर सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया गया। झांसी से लेकर ललितपुर तक बालगृह, अनाथालय, वृद्धाश्रम, शबरी आश्रम, वनवासी कल्याण आश्रम, विद्यालयों एवं विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दिनभर सेवा और धार्मिक आयोजन निरंतर चलते रहे।
इस अवसर पर सांसद श्री अनुराग शर्मा के समर्थकों द्वारा उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर जनसेवा के लिए विभिन्न मंदिरों में हवन-पूजन, सुंदरकांड पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में ललितपुर जनपद के तालबेहट स्थित शबरी मंदिर में सुंदरकांड पाठ, हवन एवं पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समर्थकों एवं श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर सांसद श्री अनुराग शर्मा के दीर्घायु एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं वनवासी कल्याण आश्रम तालबेहट में आदिवासी बच्चों ने बड़े उत्साह और आत्मीयता के साथ केक काटकर सांसद श्री अनुराग शर्मा का जन्मदिन मनाया तथा उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। ललितपुर नगर स्थित अन्नपूर्णा भोजनालय में उनके समर्थकों द्वारा असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क भोजन कराया गया।
इसके अतिरिक्त राजकीय बालगृह ललितपुर में बच्चों के बीच पुस्तकें एवं पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। विभिन्न विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को कॉपियां, पुस्तकें एवं शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। ललितपुर के वृद्धाश्रम में पहुंचकर समर्थकों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया तथा उन्हें फल एवं मिष्ठान वितरित कर आत्मीयता के साथ सांसद का जन्मदिन मनाया।
इसी प्रकार झांसी में भी विभिन्न स्थानों पर वस्त्र वितरण, विद्यालयों में कॉपी एवं पठन-पाठन सामग्री का वितरण तथा जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य किए गए। झांसी स्थित वृद्धाश्रम में भजन मंडली के माध्यम से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके पश्चात वृद्धजनों के साथ हर्षोल्लास के वातावरण में फल एवं मिष्ठान वितरित किए गए। वृद्धजनों ने भी सांसद श्री अनुराग शर्मा के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जन्मदिन पर स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की विशेष पहल
सांसद श्री अनुराग शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। उनके द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज ललितपुर को कई अत्याधुनिक चिकित्सा मशीनें समर्पित की गईं। साथ ही जिला अस्पताल झांसी को एक अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन प्रदान की गई। दंत चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज को एक आधुनिक डेंटल चेयर भी भेंट की गई,निम्नलिखित अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण समर्पित किए गए—
1. डिजिटल पोर्टेबल एक्स-रे मशीन (Digital Portable X-Ray Machine)
2. डिस्पोजेबल वीडियो असिस्टेड उपकरण (Disposable Video Assisted)
3. हाई फ्लो नेजल कैनुला (High Flow Nasal Cannula – HFNC)
4. एबीजी मशीन (ABG Machine)
5. लैमिनार एयर फ्लो (Laminar Air Flow)
6. बीईआरए मशीन (BERA Machine)
7. इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन (Electronic Weighing Machines)
8. नेबुलाइजर (Nebulizer)
इन चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से संबंधित चिकित्सा संस्थानों में मरीजों को बेहतर जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। जन्मदिन के अवसर पर स्वास्थ्य क्षेत्र को दिए गए इस योगदान को जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।
दक्षिण भारत के आधिकारिक दौरे पर रहते हुए भी निभाया संसदीय दायित्व
विशेष उल्लेखनीय है कि सांसद श्री अनुराग शर्मा अपने जन्मदिन के अवसर पर संसदीय क्षेत्र में उपस्थित न होकर अपने संसदीय दायित्वों के निर्वहन हेतु दक्षिण भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। वह संसद की परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी स्थायी समिति के सदस्य के रूप में समिति के तीन दिवसीय आधिकारिक अध्ययन दौरे में सम्मिलित हैं।
इस दौरे के अंतर्गत समिति द्वारा दक्षिण भारत के विभिन्न ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के मंदिरों का भ्रमण कर उनके संरक्षण, पुनरुत्थान, विकास एवं पर्यटन की दृष्टि से संभावनाओं का अध्ययन किया जा रहा है। साथ ही इन महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को हवाई संपर्क से जोड़ने, आसपास हवाई अड्डों के विकास तथा क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है। सांसद श्री अनुराग शर्मा समिति के सदस्य के रूप में इन महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित अध्ययन एवं चर्चा में सहभागिता कर रहे हैं।
इसी क्रम में उन्होंने आज प्रातःकाल ब्रह्ममुहूर्त में श्री रंगनाथस्वामी मंदिर में आयोजित प्रातःकालीन आरती में सम्मिलित होकर दर्शन-पूजन किया तथा संपूर्ण क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मेडिकल कॉलेजों में मरीजों एवं तीमारदारों को भोजन एवं फल वितरित किए
सांसद श्री अनुराग शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर उनके समर्थकों द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच भी सेवा कार्य किए गए। झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में समर्थकों द्वारा सुबह से ही मरीजों एवं उनके साथ आए तीमारदारों को भोजन वितरित किया गया। इस दौरान कई सैकड़ों मरीजों एवं उनके परिजनों तक भोजन पहुंचाकर उनके प्रति सेवा एवं सहयोग का भाव प्रदर्शित किया गया।
इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज ललितपुर में भी समर्थकों द्वारा मरीजों एवं उनके तीमारदारों को आवश्यक भोजन सामग्री एवं फल वितरित किए गए। समर्थकों ने अस्पताल पहुंचकर जरूरतमंद मरीजों का हालचाल जाना और उनके बीच भोजन एवं फल वितरण कर सांसद श्री अनुराग शर्मा के जन्मदिन को सेवा और संवेदनशीलता के साथ मनाया।
सेवा और जनकल्याण के माध्यम से जन्मदिन को बनाया विशेष
सांसद श्री अनुराग शर्मा के जन्मदिन पर झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र में दिनभर आयोजित हुए इन कार्यक्रमों ने सामाजिक सहभागिता, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश दिया। समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने अपने प्रिय सांसद का जन्मदिन जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाकर, बच्चों के बीच शिक्षा सामग्री पहुंचाकर, वृद्धजनों के साथ समय बिताकर तथा धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से मनाया।
एक ओर जहां संसदीय क्षेत्र में उनके समर्थक सेवा कार्यों में जुटे रहे, वहीं दूसरी ओर सांसद श्री अनुराग शर्मा ने अपने संसदीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए आधिकारिक दौरे में सहभागिता की। इस प्रकार उनका जन्मदिन सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, धार्मिक आस्था और संसदीय कर्तव्यों के समन्वय का एक विशेष अवसर बना।
