संवाददाता : नीलेश एन.के.डी.
मोंठ : टीकाराम यादव स्मृति महाविद्यालय में मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मोंठ थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने किसी भी समस्या पर 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर का उपयोग करने की अपील की। साथ ही ऑनलाइन ठगी से बचने और किसी अनजान व्यक्ति से ओटीपी, पासवर्ड व निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र खरे ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा, अनुशासन और आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के विद्यार्थी प्रतिवर्ष विभिन्न शासकीय सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी प्रभारी तन्वी सिद्दीकी ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
