हमीरपुर / जनपद के राठ कस्बे में भूमाफियाओं के द्वारा धोखाधड़ी कर रजिस्ट्रीकृत प्लॉट पर जबरन कब्जा कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्ति ने उपजिलाधिकारी को लिखित शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
राठ तहसील के मझगवां थाना क्षेत्र के बरुआ गांव के निवासी श्यामकरन पुत्र मुरलीधर ने राठ तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी को लिखित शिकायती पत्र देने के बाद जानकारी देते हुए बताया कि 30 नवंबर वर्ष 2021 को उसने राठ कस्बे के स्यावरी रोड पर शाहनवाज नाम के एक व्यक्ति से 800 वर्ग फिट का एक प्लॉट खरीदा था। जिसकी उसने नियमानुसार बकायदा रजिस्ट्री भी कराई थी। लेकिन आर्थिक कारणों के चलते वह उस प्लांट को बनवा नहीं पाया। बताया कि खाली प्लाट को देखकर उक्त भूमाफिया सहित नगर निवासी तीन व्यक्तियों ने मझगवां थाना क्षेत्र के नहदौरा गाँव की निवासी एक महिला को पुनः प्लॉट बेचकर दबंगई से पुलिस और राजस्व कर्मियों की मौजूदगी कब्जा भी दिलवा दिया है। जबकि उक्त प्लाट का असली हकदार वह है। बताया कि उसने उपजिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
