हमीरपुर / जनपद में राठ कोतवाली क्षेत्र के बरदा गांव में मामूली विवाद के चलते एक शराबी युवक ने अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर घर में सो रहे अपने बड़े भाई के ऊपर लाठियों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति ने राठ कोतवाली में घटना की लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
राठ कोतवाली क्षेत्र के बरदा गांव के निवासी यशपाल सिंह पुत्र हल्के प्रसाद ने सोमवार की सुबह करीब 11 बजे राठ कोतवाली में घटना की लिखित तहरीर देकर बताया कि कल रविवार की रात करीब 9:30 बजे वह खाना खा पीकर अपने कमरे में सो रहा था। बताया कि तभी इस दौरान अत्यधिक शराब के नशे में धुत उसका छोटा भाई घर में आया और अकारण लाठियों से उस पर हमला का उसे घायल कर दिया। बताया कि जब उसकी पत्नी उसे बचाने के लिए दौड़ी तो उसके छोटे भाई उसकी पत्नी के साथ भी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे डाली। बताया कि घटना के बाद उसने राठ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
