हमीरपुर / जनपद में राठ कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी गढ़ी गांव के निवासी दर्जनों की संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने राठ तहसील परिसर में एकत्र होकर पुलिस उपाधीक्षक को लिखित शिकायती पत्र देकर राठ क्षेत्र के मुस्करा थाना अंतर्गत बंडवा गांव के निवासी एक युवक व उसके पारिवारिक जनों पर पुत्री की हत्या कर उसके शव को जलाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
राठ कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी गढ़ी गांव के निवासी कल्लू पुत्र गोविंद दास ने राठ तहसील परिसर में सीओ राठ को लिखित तहरीर देकर बताया कि कोई अपने पूरे परिवार के साथ अलीगढ़ जनपद के घंघरी थाना क्षेत्र में संचालित ईंट भट्ठों में मजदूरी करने के लिए गया हुआ था बताया कि वहां पर उसके गांव का निवासी रामा भी मजदूरी कर रहा था। तथा मुस्कुरा थाना क्षेत्र के बंडवा गांव का निवासी उसका साला अरुण वहां पर आता जाता रहता था। बताया कि उक्त अरुण से उसकी पुत्री का प्रेम प्रसंग चलने लगा तथा 3 फरवरी वर्ष 2025 को अरुण उसकी पुत्री वर्षा को बहला फुसलाकर अपने साथ भाग ले गया। जिसकी उसने घंघरी थाना में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। तथा पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से अरुण उसकी पुत्री के साथ मुस्करा थाना क्षेत्र के ग्राम बंडवा में अपने परिवार के साथ रहने लगा। आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ दिनों के बाद उसकी पुत्री वर्षा की हत्या कर दी गई। जिसकी जानकारी उसे 1 जुलाई वर्ष 2025 को हुई। बताया कि जब वह उक्त व्यक्ति अरुण के घर गया तो अरुण और उसके परिवार वालों ने उसे धमकाते हुए उसे पर राजीनामा का दबाव बनाया। बताया कि उसने बीती 3 जुलाई को मुस्करा थाना में लिखित प्रार्थना पत्र भी दिया था लेकिन मुस्करा थाना पुलिस ने उसकी तहरीर पर कोई भी कार्रवाई नहीं की। मामले में मुस्करा थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर का कहना है कि प्रकरण उनके थाना क्षेत्र से संबंधित नहीं है। वहीं मामले में सीओ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र उन्हें प्राप्त हुआ है तथा प्रकरण कि उनके द्वारा जांच कराई जा रही है।
