बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
महोबा । खनका बाजार में सट्टेबाजों ने एक गरीब परिवार को बेरहमी से पीटा। मुकेरीपुरा के दबंगों ने ब्रेड-पकौड़े की दुकान संचालक मकबूल और उसके परिवार को निशाना बनाया। हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ कर नकदी और मोबाइल भी छीन लिया। घटना रात के समय की है। मकबूल जब अपनी दुकान पर था, तभी मुकेरीपुरा से आए लोगों ने हमला कर दिया। मकबूल को बचाने दौड़े उसके भाई शमीम और माता-पिता सरबरी व गुलाब को भी पीटा गया। हमलावरों ने परिवार का ठेला भी तोड़ दिया।
पीड़ित परिवार ने बताया कि मुकेरीपुरा से शहर में सट्टा और मटका का अवैध कारोबार चलता है। कुछ दिन पहले इसकी शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा था। दबंगों को शक था कि मकबूल ने पुलिस को सूचना दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की उदासीनता से सट्टेबाजों के हौसले बढ़े हैं। घटना के वक्त बाजार में मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। पीड़ित परिवार ने थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर भाग गए। इलाके में सट्टेबाजों का दबदबा है। लोग डर के माहौल में हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से सट्टेबाजों और मटका संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की निष्क्रियता से आम लोगों में आक्रोश है।
Please follow and like us:
