बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
महोबा । बेलाताल स्टेशन के पास ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन टूटने से झांसी-प्रयागराज रेल यातायात बाधित हो गया। घटना रात साढ़े 10 बजे की है। बेलाताल स्टेशन से दो किलोमीटर पहले कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन एमकेएम19 को रोकना पड़ा। सुरक्षा कारणों से इस रूट पर चलने वाली तीन अन्य कुंभ स्पेशल ट्रेनें भी बीच रास्ते में रुक गई। यात्रियों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। जीआरपी पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुलपहाड़ तहसील के नायब तहसीलदार मुकुल कुमार ने बताया कि महोबा स्टेशन से पावर वैगन मंगवाकर मरम्मत शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में ओएचई लाइन का टूटना टेक्निकल फॉल्ट की वजह से बताया गया। झांसी मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर तकनीकी टीम ने मरम्मत कार्य किया। रात तीन बजे लाइन बहाल हुई। ट्रेन में यात्रियों की संख्या अधिक होने से बैठने की जगह नहीं थी। झांसी के अजय सिंह, सुनीता, मानवेंद्र सिंह और प्रवेश प्रजापति ने बताया कि वे समय पर महाकुंभ पहुंचने की उम्मीद लगाए थे। महिलाएं और बच्चे विशेष रूप से परेशान रहे। हरपालपुर स्टेशन से आए इंजन द्वारा ट्रेन को प्लेटफॉर्म तक लाया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं। रेलवे कर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद साढ़े चार घंटे में ओएचई लाइन की मरम्मत कर झांसी-प्रयागराज रेलवे मार्ग को शुरू कर दिया गया।
Please follow and like us:
