बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
महोबा । तमौरा गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। 16 बीघा जमीन पर चचेरे परिजनों ने खेत की मेड़ को लेकर महिलाओं पर हमला कर दिया। इस घटना में एक ही परिवार की पांच महिलाएं घायल हुई हैं। घटना उस समय हुई जब विमला और उनकी पुत्रियां संतोषी, विमलेश, आशु और रीना खेत में होला खाने गई थीं। वहां पहले से मौजूद चचेरे परिजनों ने उनसे विवाद शुरू किया। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और हंसिया से महिलाओं पर हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घायल महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने खन्ना थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर महिलाएं एसपी कार्यालय पहुंचीं। पीड़ितों का आरोप है किे दबंग आरोपी उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं। खन्ना थाना प्रभारी विनोद कुमार सरोज के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच खेत की मेड से निकलने को लेकर विवाद हुआ। एक पक्ष से पांच और दूसरे पक्ष से एक महिला घायल हुई है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
Please follow and like us:
