बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
महोबा। चित्रकूट धाम मंडल के संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अभय प्रताप सिंह ने महोबा जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। मरीजों की शिकायतों और अल्ट्रासाउंड सुविधा बंद होने की जानकारी पर पहुंचे निदेशक ने कड़ा रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान डॉ. एसपी सिंह, डॉ. अरविंद, डॉ. पूजा, ममता, गीता, लिपिक वंदना, रोहिणी और लिपिक संतोष कुमार अनुपस्थित पाए गए। निदेशक ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए और स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही इस मामले में शासन को पत्र लिखने की बात कही।
अस्पताल के सभी विभागों के निरीक्षण में दवा वितरण कक्ष में सरकारी दवाओं की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई। लेबर रूम, वार्ड, पैथोलॉजी लैब और ओपीडी की जांच की गई। निदेशक ने अस्पताल परिसर से पुराने-फटे पैम्पलेट हटाने और बेहतर सफाई के निर्देश दिए। स्टाफ को ड्रेस कोड का पालन करने और आईडी कार्ड पहनने के निर्देश दिए गए। खास बात यह है कि बंद पड़ी अल्ट्रासाउंड मशीन शुक्रवार तक चालू हो जाएगी और मरीजों को निःशुल्क सुविधा मिलेगी। निदेशक ने चेतावनी दी कि प्रसव के नाम पर कोई सुविधा शुल्क न लिया जाए उन्होंने डॉक्टरों को बाहर की दवाएं न लिखने की हिदायत दी और मरीजों के साथ अभद्र व्यवहार न करने की चेतावनी दी। अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए नई कुर्सियां और अतिरिक्त बेंच लगाने के भी आदेश दिए गए।
Please follow and like us:
