शरद अग्रवाल दैनिक बुंदेलखंड बुलेटिन जिला ब्यूरो चीफ छतरपुर
छतरपुर/ओरछा, बुंदेलखंड – जल संरक्षण और परंपरागत जल स्त्रोतों के पुनर्जीवन के उद्देश्य से बुंदेलखंड जल यात्रा का भव्य शुभारंभ ओरछा में हुआ। यह यात्रा जल सहेली संगठन की संयोजक कल्पना चौरसिया और जल सहेलियों के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है, जो बुंदेलखंड के पांच जिलों से होकर गुजरेगी।
करीब 300 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा का उद्देश्य चंदेल और बुंदेला कालीन तालाबों के जीर्णोद्धार और क्षेत्र की छोटी नदियों के पुनर्जीवन के प्रति जागरूकता फैलाना है। यात्रा निवाड़ी, झांसी, बबीना, ललितपुर, तालबेहट, टीकमगढ़, बड़ागांव, घुवारा, बड़ा मलहरा, बिजावर जैसे स्थानों से गुजरते हुए 20 फरवरी को जटाशंकर धाम पहुंचेगी।
यात्रा के समापन कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य बुंदेलखंड में पानी की गंभीर समस्या को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाना और जल संरक्षण के प्रयासों को बढ़ावा देना है।
जल सहेलियों के इस प्रयास को स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे, जहां विशेषज्ञ जल संरक्षण और पारंपरिक जल संसाधनों के महत्व पर प्रकाश डालेंगे।
यह यात्रा बुंदेलखंड के जल संकट से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
