
शरद अग्रवाल दैनिक बुंदेलखंड बुलेटिन जिला ब्यूरो चीफ छतरपुर
छतरपुर/महाराजा छत्रसाल बुन्देलखण्ड यूनिवर्सिटी छतरपुर के चतुर्थ दीक्षांत समारोह के उपरांत उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार एवं भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी द्वारा तिलक नेवी हॉल का फीता कटाकर लोकार्पण किया गया। इस दौरान वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक छतरपुर ललिता यादव, राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, कुलगुरु प्रो. शुभा तिवारी, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय भोपाल के कुलगुरु राजीव त्रिपाठी उपस्थित रहे। एडमिरल श्री त्रिपाठी ने इसके पूर्व एनएसएस एवं एनसीसी कैडेट्स से बातचीत की। वीडियो के माध्यम से भारतीय नौसेना की बहुआयामी कार्यप्रणाली के बारे में छात्रों को जानकारी दी एवं लेफ्टिनेंट रुचिरा गहलोत ने नौसेना में उपयोग होने वाले विभिन्न एयरक्राफ्ट व पनडुब्बियों के बारे में जानकारी देने के साथ नौसेना में कैरियर की अपार संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
विश्वविद्यालय एवं भारतीय नौसेना का छात्रहित में प्रयास यहीं नहीं रुका। भारतीय नौसेना द्वारा छात्रों के लिए विश्वविद्यालय में तिलक नेवी हॉल (भारतीय नौसेना इनक्लोजर) विकसित करने की हरी झंडी मिली। यह नौसेना केंद्र आधुनिक टेक्नोलॉजी इंटरैक्टिव पैनल, स्क्रीन, इलेक्ट्रॉनिक पोडियम एवं अन्य उपकरणों से सुसज्जित है। साथ ही इसमें नौसेना के विभिन्न मॉडल, पोस्टर, क्रेस्ट आदि नौसेना द्वारा लगाए गए। इस नौसेना केंद्र का उद्देश्य विद्यार्थियों तक भारतीय नौसेना की कार्यप्रणाली, देश के लिए नौसेना के योगदान एवं भारतीय नौसेना में कैरियर की अपार संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराना है।