बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
महोबा । मत्स्य जीवी सहकारी समिति बिलखी में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। समिति के सदस्यों ने सचिव महेश प्रसाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपा है। सदस्यों का कहना है कि सचिव नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। समिति के नियमानुसार पट्टे के तालाबों में मछली का शिकार केवल समिति के सदस्यों से कराया जाना चाहिए और उन्हें मजदूरी दी जानी चाहिए। लेकिन सचिव बाहरी शिकारियों से काम करवा रहे हैं और समिति की आय का दुरुपयोग कर रहे हैं।
आरोपों के अनुसार, सचिव केवल लगान जमा करते हैं और बाकी सारी आमदनी अपने पास रख लेते हैं। इस पैसे से वे अपने लिए खेती की जमीन और प्लॉट खरीद रहे हैं। समिति की अध्यक्ष आशा ने 23 जनवरी को सचिव को समिति की सामान्य निकाय की बैठक के लिए रजिस्ट्री डाक से पत्र भेजा, जिसे सचिव ने लेने से मना कर दिया। इसी तरह समिति सदस्य कल्लू की भेजी जनसूचना संबंधी रजिस्ट्री भी वापस आ गई।
वर्तमान में समिति के सदस्य आजीविका के लिए दूसरों के यहां मजदूरी करने को मजबूर हैं। सदस्यों ने सचिव द्वारा अन्य तालाबों में किए जा रहे कथित अवैध कार्यों की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सचिव जानबूझकर उनके अधिकारों का हनन कर रहे हैं और समिति से उन्हें कोई लाभ नहीं मिल रहा है।
Please follow and like us:
