शरद अग्रवाल दैनिक बुंदेलखंड बुलेटिन जिला ब्यूरो चीफ छतरपुर
छतरपुर/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से शनिवार को स्वामित्व योजना अंतर्गत प्रदेश के 15.63 लाख भू-अधिकार पत्रों का वितरण एवं लाभार्थियों के साथ संवाद स्थापित किया गया। प्रदेश के राज्यस्तरीय कार्यक्रम से इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया गया। छतरपुर शहर के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअली प्रसारण दिखाया एवं सुनाया गया। इस अवसर पर विधायक छतरपुर ललिता यादव, राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर पार्थ जैसवाल, एडीएम मिलिंद नागदेवे, एसडीएम अखिल राठौर, डिप्टी कलेक्टर विशा माधवानी, एसएलआर आदित्य सोनकिया सहित बड़ी संख्या में स्वामित्व योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीपप्रज्जवल एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान 50 हितग्राहियों को अपने घरों के अधिकार अभिलेख अतिथियों द्वारा वितरित किए गए।
छतरपुर विधायक ललिता यादव ने कहा कि आज पूरे देश में स्वामित्व के अधिकार पत्रों का वितरण किया जा रहा है। स्वामित्व योजना बहुत ही अच्छी योजना है। लोग वर्षों से अपने गांव में रहते थे पर स्वामित्व के कागज ना होने के कारण ना तो परिवार में घर का बंटवारा हो पता था ना लोन ले पाते थे और अगर कहीं काम करने बाहर चले गए तो यहां उनके घरों पर लोग कब्जा भी कर लेते थे। मगर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह पुण्य का काम किया है। इससे गांव के लोगों को राहत मिली है। अब उन्हें अपने घर का अधिकार पत्र मिला है उन्होंने कहा हमारा सदियों का सपना था स्वामित्व का जो आज साकार हो रहा है। उन्होंने कहा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार है एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार है। डबल इंजन की सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।
विधायक राजनगर अरविंद पटेरिया ने कहा कि स्वामित्व योजना का आज गांव-गांव में कार्यक्रम आयोजन कर अधिकार अभिलेख पत्रों का वितरण किया गया है। ग्रामीण लोगों को उनके घरों का मलकाना हक मिला है और गांव के लोग अब अपने घर के आधार पर लोन भी ले सकते हैं।
कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत 1109 ग्रामों के 254777 घरों में 778 ग्रामों एवं 196902 घरों की ग्रामीण आबादी सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है। कार्यक्रम के दिन जिले की सभी तहसीलों के 290 ग्रामों के 63858 घर लाभांवित हुए है जिन्हें अपने घरों के अधिकार अभिलेख प्राप्त हुए है। शेष का सर्वे कार्य पूर्ण होते ही अधिकार पत्र मिलेगे।
