झाँसी –अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना सदर बाजार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हाथी ग्राउंड के पास से चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हर्षित रैकवार, देवा परिहार, सौरभ वंशकार और उमेश रैकवार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 4 अवैध देशी तमंचे 315 बोर और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामदगी के बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। थाना सदर बाजार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके बाद सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। झाँसी पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
