झाँसी – शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में थाना नवाबाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने माननीय प्रधानमंत्री भारत सरकार, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस का कहना है कि इस कृत्य के माध्यम से आम जनता में सरकार के प्रति आक्रोश उत्पन्न करने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भानू सहाय पुत्र वीरेन्द्र सहाय, निवासी लक्ष्मणगंज, थाना कोतवाली, जिला झाँसी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय नगर मजिस्ट्रेट, झाँसी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार झाँसी भेज दिया गया।
झाँसी पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
