झांसी- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी श्री बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति द्वारा थाना नवाबाद क्षेत्रान्तर्गत जेल चौराहा पर पुलिस बल के साथ सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं वाहनों की जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन चेकिंग करते हुए बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया। सड़क सुरक्षा एवं आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। झांसी पुलिस द्वारा जनपद में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाते रहेंगे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम/लाइन श्रीमती अरीबा नोमान, प्रभारी निरीक्षक थाना नवाबाद एवं पुलिस बल उपस्थित रहा।
