मऊरानीपुर तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। राशन, जमीन कब्जा, पेंशन और बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतों के दर्जनों प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपे गए। जिलाधिकारी के न पहुंचने से कई लोग निराश दिखे, जिसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं लोगों की समस्याएं सुनीं।
मऊरानीपुर तहसील सभागार में शनिवार की दोपहर लगभग 12 बजे संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनबाड की अध्यक्षता में किया गया। समाधान दिवस में तीन दर्जन से अधिक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राशन, जमीन कब्जा, पेंशन और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों का समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि 23 प्रार्थना पत्र दूसरी बार आए हैं, जिस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने तहसील परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
समाधान दिवस में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी श्वेता सह, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, तहसीलदार, कोतवाली प्रभारी मुकेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं, तहसील प्रांगण में कई लोग जिलाधिकारी के आने का इंतजार करते नजर आए, लेकिन उनके न पहुंचने की सूचना मिलने पर फरियादियों ने मुख्य विकास अधिकारी को ही अपने प्रार्थना पत्र सौंपे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी की समस्याएं सुनकर जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।
