संवाददाता : नीलेश एन.के.डी
मोंठ : बुधवार को शीतला माता किला मैदान में बीरेन व्योम सोशल एंड एजुकेशन ट्रस्ट के सानिध्य में भव्य सर्वजातीय हिंदू-मुस्लिम सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 9 जोड़ों का विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया।
सम्मेलन में सामाजिक समरसता, भाईचारा और एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां विभिन्न समाजों के लोग एक मंच पर एकत्रित हुए। कार्यक्रम के अध्यक्ष रानू पांडेय ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सौहार्द को मजबूत करते हैं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद सहायक साबित होते हैं, जिससे बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक बिना आर्थिक बोझ के हो पाता है।
संयोजक आकाश नामदेव ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना और आपसी भाईचारा बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि बढ़ते खर्चीले विवाहों के दौर में सामूहिक विवाह एक सकारात्मक पहल है, जो समाज को नई दिशा देता है। सभी जोड़ों को विवाह के बाद आवश्यक घरेलू सामग्री व उपहार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में हिंदू व मुस्लिम दोनों समुदायों के रीति-रिवाजों का सम्मान करते हुए पंडितों व मौलवियों की उपस्थिति में सभी रस्में संपन्न कराई गईं। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान मोहन लाल पांडेय, प्यारे मोहम्मद, पीयूष सोनी, इरफान खान, इशाक मोहम्मद, रौनक मंसूरी, कंजे चच्चा, शिवशंकर सहाय सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
