गुरसरांय (झांसी)। थाना क्षेत्र के ग्राम लखावती में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सत्यनारायण शर्मा (40 वर्ष) पुत्र घनाराम शर्मा अपने घर के पास बने जानवरों के बाड़े में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान किसी विद्युत तार के संपर्क में आने से वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय लेकर गए। जहां मौजूद चिकित्सक डॉ. रजनीश यादव ने उनका परीक्षण किया और उन्हें मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि मृतक एक मेहनतकश व्यक्ति थे और खेती-किसानी के साथ पशुपालन का कार्य भी करते थे। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और लगभग 15 वर्षीय एक पुत्र को छोड़ गए हैं।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
