गुरसरांय (झांसी)। गुरसरांय क्षेत्र के ग्राम भड़ोकर के पास हुए एक सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय मौके से गुजर रहे क्षेत्रीय विधायक जवाहर लाल राजपूत ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत अपनी गाड़ी रोककर घायलों की मदद की और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस चालक अनिल कुमार और ईएमटी बृजेश कुमार यादव मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए गुरसरांय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। विधायक जवाहर लाल राजपूत ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भड़ोकर निवासी आयुष (24) पुत्र अवधेश अपनी दादी उमा (55) पत्नी पूरन लाल के साथ झांसी से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गुरसरांय की ओर से झांसी जा रहे राजकुमार (28) पुत्र रामकिशोर निवासी उपरार रानीपुर और पवन (29) पुत्र संजू निवासी वारना थाना कनेरा जिला टीकमगढ़ की मोटरसाइकिल से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार सभी लोग घायल हो गए। घटना के बाद विधायक द्वारा त्वरित सहायता उपलब्ध कराने से घायलों को समय पर उपचार मिल सका। फिलहाल सभी घायलों का प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गुरसरांय डॉक्टर ओपी राठौर,डॉक्टर रजनीश यादव द्वारा इलाज किया जा रहा है।
