झाँसी। तहसील सभागार, झाँसी में जनपद के प्राकृतिक दैवीय आपदाओं से प्रभावित किसानों एवं परिवारों को राज्य आपदा मोचक निधि के अंतर्गत राहत राशि के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर सांसद श्री अनुराग शर्मा ने सदर विधायक श्री रवि शर्मा जी की उपस्थिति में संबंधित अधिकारियों के साथ प्रभावित किसानों एवं परिवारों को राहत राशि के चेक प्रदान किए।
इस अवसर पर सांसद श्री अनुराग शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों एवं आमजन को होने वाली क्षति अत्यंत पीड़ादायक है। ऐसे कठिन समय में प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें राहत पहुँचाना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार आपदा की प्रत्येक परिस्थिति में प्रभावित परिवारों और किसानों के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि किसानों की आजीविका और परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा राहत एवं सहायता के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पात्र प्रभावितों तक शासन की राहत योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जाए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई न हो।
सांसद श्री शर्मा ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का सुख-दुःख, उसकी समस्या और उसका कल्याण जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन की प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता मिले और वे पुनः सामान्य जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
इस अवसर पर सदर विधायक श्री रवि शर्मा जी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
