झाँसी- दिनांक 25.07.2025 को वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी रेलवे स्टेशन पर एक लगभग तीन वर्षीय बालक एकांश (पुत्र श्री राजेन्द्र दयाराम साहू) अपने माता-पिता से बिछड़ गया। यह बच्चा स्टेशन के मुख्य द्वार पर रोते हुए टिकट निरीक्षक श्री राजेन्द्र पाल (डिप्टी सीटीआई) एवं श्रीमती शालिनी धुरिया (सीटीसी) को मिला।
मामले की गंभीरता को भांपते हुए दोनों अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए बालक को इन्क्वायरी कार्यालय पहुँचाया। वहाँ उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) श्री एस. एम. मुशर्रफ के नेतृत्व में उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से बच्चे के माता-पिता की खोज की गई तथा वेटिंग रूम और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर भी सतत प्रयास किए गए।
काफी देर की प्रतीक्षा के उपरांत बच्चे के माता-पिता हेड टीसी ऑफिस पहुंचे, जहाँ उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) श्री एस. एम. मुशर्रफ की उपस्थिति में बालक को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया।
रेल प्रशासन द्वारा टिकट जांच कर्मियों की सतर्कता, मानवीयता और सजगता की भूरी-भूरी सराहना की गई है।
