गुरसरांय(झाँसी)। डॉक्टर राम मनोहर लोहिया महिला महाविद्यालय में हरियाली तीज पर्व के उपलक्ष्य में मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पिंकी सिंह द्वारा किया गया।
प्राचार्य डॉ. सिंह ने छात्राओं को भारतीय संस्कृति से जुड़ने और अपनी परंपराओं को सहेजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से छात्राओं को न केवल अपनी कला प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है, बल्कि सांस्कृतिक चेतना भी विकसित होती है। मेंहदी प्रतियोगिता का सफल संचालन डॉ. आराधना यादव और डॉ. पूनम यादव ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमती प्रीति कुमारी,शारदा सिंह तथा कु पूजा सोनी शामिल रहीं। निर्णायकों ने छात्राओं की कलात्मकता, मेंहदी के डिज़ाइन की मौलिकता, सफाई और सांस्कृतिक प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। हाथों पर रची विविध प्रकार की मेंहदी कलाकृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। पारंपरिक बेल-बूटों से लेकर आधुनिक कला शैली तक की झलक इन डिजाइनों में देखने को मिली। छात्राओं ने न केवल अपनी कला का परिचय दिया, बल्कि हरियाली तीज के पारंपरिक पक्ष को भी सजीव किया। विजयी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया। इस प्रतियोगिता में लगभग दो दर्जन छात्राओं ने प्रतिभाग किया प्रथम स्थान पर एमएससी की अंशिका सोनी,द्वित्तीय स्थान पर कक्षा बीए की भगवती एवं तृतीय स्थान कक्षा बीए की मनीषा एवं प्रतीक्षा ने प्राप्त किया। सभी ने इस सांस्कृतिक आयोजन की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही। यह प्रतियोगिता न केवल छात्राओं के लिए एक रचनात्मक मंच बनी, बल्कि भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सफल प्रयास भी सिद्ध हुई।
