गुरसरांय (झांसी)। शुक्रवार दोपहर करीब 3:00 बजे गुरसरांय-रामनगर मार्ग पर स्थित रामनगर चुंगी के समीप एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार (वाहन संख्या यूपी 15 बीई 0689) असंतुलित होकर सड़क किनारे स्पीड लिमिट बोर्ड के खंभे और फिर एक पंचर की गुमटी से जा टकराई। दुर्घटना में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,कार गुरसरांय से बघैरा की ओर जा रही थी, तभी अनियंत्रित होकर पहले खंभे से टकराई और उसके बाद पंचर की गुमटी से भिड़ गई। सौभाग्यवश, हादसे के समय गुमटी पर कोई मौजूद नहीं था,अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।कार में सवार रवि पुत्र बनमाली अहिरवार (28 वर्ष),निवासी सेमरी,और वाहन चालक जयप्रकाश पुत्र हमीर सिंह पटेल (34 वर्ष), निवासी ग्राम एवनी दोनों को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय,कस्बा इंचार्ज बृजेश भार्गव व कांस्टेबल आशीष तिवारी मौके पर पहुंचे और घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय भेजा गया।
चिकित्सक डॉक्टर रजनीश यादव द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। रवि की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
