हमीरपुर / जनपद में राठ कस्बे के चरखारी रोड सिकंदरपुरा इलाके में आज सोमवार की सुबह कूलर में आ रहे करंट की चपेट में आने से 41 वर्षीय एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही मृतक व्यक्ति के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा सोमवार को मृतक व्यक्ति के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राठ कस्बे के चरखारी रोड सिकंदरपुरा इलाके के निवासी 41 वर्षीय प्रमोद पुत्र अंतराम की सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे नहाने के बाद कूलर में आ रहे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जब परिजनों ने उसे जमीन पर पड़ा हुआ देखा तो उसे आनन फानन में राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक प्रमोद मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। जो कि अपने पीछे पत्नी रामप्यारी और मां सुमितरानी के अलावा पुत्री महक और खुशी सहित इकलौते पुत्र दीपेंद्र को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। मामले में राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
