झाँसी- भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच झाँसी-ललितपुर के लोकप्रिय सांसद श्री अनुराग शर्मा जी ने जनहित में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल करते हुए अपनी सांसद निधि से पेयजल टैंकर वितरण के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया।
आज मऊरानीपुर तहसील परिषद परिसर से आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री अनुराग शर्मा ने मऊरानीपुर विधानसभा की विभिन्न ग्राम पंचायतों को टैंकर सौंपे। इस चरण में ग्राम पंचायत बिरगुआ, चुरारा, टकटोली, कदौरा, लारोंन, अड़ज़ार एवं तुर्का लहचूरा को पेयजल टैंकर वितरित किए गए।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सांसद श्री शर्मा ने कहा कि “सरकार पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित करने हेतु लगातार प्रयासरत है। इसके साथ ही मैं भी अपनी सांसद निधि के माध्यम से प्रयास कर रहा हूँ कि हर ग्रामवासी तक पीने का पानी पहुंचे। इन टैंकरों से न सिर्फ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, बल्कि यह ग्राम स्तरीय आयोजनों एवं आवश्यक स्थितियों में भी उपयोगी सिद्ध होंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि “यह टैंकर वितरण का द्वितीय चरण है। इससे पहले बबीना विधानसभा क्षेत्र के कई ग्रामों में भी टैंकर वितरित किए जा चुके हैं। मेरा प्रयास है कि आगे भी इस पहल को निरंतर जारी रखा जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।”
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक गिरी, मऊरानीपुर ब्लॉक प्रमुख, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानगण, जनप्रतिनिधिगण एवं क्षेत्रीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
