महोबा । बीती देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक मारुति वैन में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। आग लगते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और वैन बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में दूल्हे के पिता, बड़े भाई सहित कुल आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। शादी की खुशी पल भर में चीख-पुकार और अफरातफरी में तब्दील हो गई। घटना महोबकंठ थाना के तेईया गांव के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ हर्षिता गंगवार मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे की शिकार वैन कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहारी गांव निवासी रामसेवक वाल्मीकि के पुत्र कालिचरण की बारात लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हरपालपुर थाना अंतर्गत रानीपुर कैमाहा जा रही थी। घायल होने वालों में दूल्हे के पिता रामसेवक (50), बड़े भाई रमेश (28), सनी पासवान (17), जयहिंद (25), कैमरामैन विपिन राजपूत (17), चालक जगत सिंह यादव (40), जगदेव (36) और मुन्ना पासवान (45) शामिल हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से वैन में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। आग इतनी भीषण थी कि जब तक काबू पाया गया, तब तक सभी यात्री बुरी तरह झुलस चुके थे। घटना की जानकारी पर उपजिलाधिकारी अनुराग प्रसाद और सीओ हर्षिता गंगवार रात में ही अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में जारी है।
Please follow and like us:
