बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज़
ललितपुर। परिवहन विभाग में बकाया टैक्स वसूलने के लिए चल रही एक मुश्त समाधान योजना फेल साबित हो रही है। ढाई माह में अब तक महज दस फीसदी वाहन स्वामियों ने ही रुचि दिखाई है। महज 160 वाहन स्वामियों ने 52 लाख रुपये जमा किए हैं। इससे ओटीएस की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। शासन ने वाहनों के बकाया टैक्स को वसूलने व राजस्व में बढ़ोत्तरी के लिए एकमुश्त समाधान योजना संचालित की है। इसमें बकाया टैक्स पर लगाए गए कर में छूट दी गई है। योजना छह नवंबर से शुरू की गई है, जो पांच फरवरी तक चलेगी। योजना से जिले के 1600 वाहन स्वामी पंजीयन कराकर लाभ ले सकते हैं। इन वाहनों पर लगभग तीन करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है।लेकिन, योजना शुरू होने के बाद से अब तक लगभग ढाई माह में महज दस फीसदी वाहन स्वामियों ने ही रुचि दिखाई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक 160 वाहन स्वामियों ने पंजीयन कराकर 52 लाख रुपये जमा किया गया है। इस तरह से योजना में 90 फीसदी वाहन स्वामी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इससे विभाग राजस्व रिकवरी में फिसड़्डी साबित हो रहा है। अब महज दो सप्ताह का समय शेष रह गया है। ऐसे में अब शत-प्रतिशत राजस्व की रिकवरी तो दूर 50 फीसदी तक पहुंचने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
एकमुश्त समाधान योजना को दो सप्ताह का समय शेष है। योजना में वाहनस्वामी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। तय समय सीमा के बाद वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया जाएगा।
-मोहम्मद कय्यूम खांन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी
