महरौनी/ललितपुर: कालपी के पास नेशनल हाईवे 27 पर अयोध्या धाम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुई भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वाले महरौनी के नौ निवासियों के परिजनों से मिलने आज झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद श्री अनुराग शर्मा जी महरौनी पहुँचे।
अत्यंत भावुक क्षणों के बीच, सांसद जी ने माननीय विधायक श्री रामरतन कुशवाहा जी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में पीड़ित परिवारों से भेंट की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान सांसद जी ने मुख्यमंत्री राहत कोष व अन्य योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता राशि के चेक प्रत्येक पीड़ित परिवार को वितरित किए।
शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता परिवारों का दुख” – सांसद अनुराग शर्मा :-
पीड़ित परिवारों से भेंट के उपरांत सांसद श्री अनुराग शर्मा जी ने कहा कि, “आज मन अत्यंत व्यथित और भारी है। अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे हमारे क्षेत्र के नौ परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, यह क्षति अपूरणीय है। यद्यपि कोई भी धनराशि जीवन की कमी को पूरा नहीं कर सकती, लेकिन शासन की ओर से यह एक छोटा सा प्रयास है कि पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में संबल मिल सके। हम हर कदम पर इन परिवारों के साथ खड़े हैं।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्हें सांसद जी ने निर्देशित किया कि शासन की अन्य योजनाओं का लाभ भी इन परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाए।
इस दौरान विधायक श्री रामरतन कुशवाहा जी ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भी इस दुखद घड़ी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
