झांसी दि०- 8 अगस्त 2026
स्वास्थ्य विभाग झांसी ने 14 वर्ष आयु पूर्ण करने वाली किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाई जा रही एचपीवी टीकाकरण अभियान में शिक्षा विभाग के सहयोग से कवरेज को बढ़ाने के लिए कार्य योजना तैयार की है, यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने बताया कि जनपद में चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में किशोरियों के टीकाकरण के कवरेज को बढ़ाने के लिए सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों सहित एआरओ को निर्देश दिए गए हैं कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रिंसिपल एवं अध्यापकों का एचपीवी वैक्सीन के संबंध में संवेदीकरण किया जाए। अध्यापकों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु तैयार किए गए एचपीवी टीकाकरण के महत्व को समझाया जाए। इन अध्यापकों के द्वारा 14 वर्ष आयु पूर्ण करने वाली किशोरियों एवं उनके माता-पिता को वैक्सीन लगवाने हेतु प्रेरित किया जाएगा, जिससे टीकाकरण अभियान को अपेक्षित गति मिलेगी और कवरेज बढ़ेगा। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को एचपीवी टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने के लिए पत्र जारी किया गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर ने बताया कि अभियान के पर्यवेक्षण हेतु आज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नगरा, सीपरी बाजार एवं सिद्धेश्वर नगर का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ किया गया। इन चिकित्सा इकाइयों पर एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा था।
सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए की प्रत्येक एएनएम द्वारा प्रति सत्र कम से कम 25 एचपीवी के टीके लगाए जाएं। इस कार्य हेतु क्षेत्रीय आशा द्वारा 14 वर्ष आयु पूर्ण करने वाली किशोरियों की ड्यू लिस्ट तैयार की जाए तथा सत्र स्थल पर किशोरियों को लाकर किशोरियों को वैक्सीन लगाई जाए।
आज जनपद में 203 सत्रस्थलों पर सायं 4:00 बजे तक 1075 किशोरियों को टीका लगाया गया। भारत विकास परिषद संस्था के सहयोग से सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज सदर बाजार में सत्र का आयोजन किया गया एवं अभिभावकों को प्रेरित करते हुए किशोरियों को वैक्सीन लगाई गई।
सीएमओ द्वारा किए गए निरीक्षण के समय डॉ आराधना अवस्थी, डॉ विवेक तिवारी, डॉ निधि, डॉ अमित बरसैंया, एआरओ श्रीमती रानी सहित स्टाफ उपस्थित मिला।
