झांसी। बुंदेलखंड क्रांति दल के नेतृत्व में आज सीपरी बाजार स्थित लगभग 50 वर्ष पुराने सब्जी मंडी के गरीब पटरी दुकानदारों के उत्पीड़न एवं उन्हें नियम विरुद्ध हटाने के प्रयास के विरोध में नगर आयुक्त, नगर निगम झांसी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि भारत सरकार के स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 तथा उत्तर प्रदेश स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन) नियम, 2017 का पालन करते हुए गरीब दुकानदारों की आजीविका की रक्षा की जाए तथा किसी भी प्रकार की अवैधानिक बेदखली पर तत्काल रोक लगाई जाए।
इस अवसर पर बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येंद्र पाल सिंह ने कहा कि भारत सरकार के स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 की प्रथम अनुसूची (Plan for Street Vending) तथा उत्तर प्रदेश स्ट्रीट वेंडर्स नियम, 2017 में स्पष्ट प्रावधान है कि 50 वर्ष से अधिक समय से संचालित प्राकृतिक (Natural) बाजारों को “विरासत बाजार (Heritage Market)” घोषित किया जाएगा तथा ऐसे बाजारों के स्ट्रीट वेंडर्स का पुनर्स्थापन नहीं किया जाएगा। इसलिए सीपरी बाजार की लगभग 50 वर्ष पुरानी सब्जी मंडी को हटाने का कोई भी प्रयास कानून की भावना एवं प्रावधानों के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा लगभग 400 दुकानों के निर्माण की प्रस्तावित योजना व्यवहारिक नहीं है, क्योंकि इतनी दुकानों पर आने वाले ग्राहकों एवं वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। ऐसी स्थिति में यह योजना भविष्य में गंभीर अव्यवस्था उत्पन्न करेगी। साथ ही आशंका व्यक्त की कि कुछ कॉलोनाइजरों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से गरीब पटरी दुकानदारों को उजाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कुंवर सत्येंद्र पाल सिंह ने कहा कि बुंदेलखंड क्रांति दल गरीब पटरी दुकानदारों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि नियमों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तो संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से लगातार आंदोलन करेगा तथा गरीब दुकानदारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
ज्ञापन कार्यक्रम में बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरी नारायण श्रीवास्तव, राष्ट्रीय महासचिव अमर सिंह, राष्ट्रीय महासचिव मो. नईम मंसूरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मो. अज्जू खान, आरिफ कमाल, गुलाब सिंह चौहान, जगदीश विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष विनोद वर्मा, नगर अध्यक्ष कालीचरण श्रीवास सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पटरी दुकानदारों में शमशुद्दीन राइन, खेमचंद कुशवाहा, मो. जाकिर खान, अख्तर राइन, जय सिंह कुशवाहा, प्रेम कुशवाहा, रमन खटीक, कमला बाई, शकुंतला, धनवंती, विमला देवी, मीरा देवी एवं सावित्री बाई सहित अनेक दुकानदार उपस्थित रहे।
