उरई (जालौन)। कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले में रविवार शाम खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और महिलाओं व बच्चों समेत बीस से अधिक लोग झुलसकर घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जिनमें छह की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शांतिनगर स्थित सभासद माता प्रसाद के मकान में रविवार शाम परिवार के लोग खाना बना रहे थे, तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के बाद सिलेंडर के टुकड़े आसपास जा गिरे, जिसकी चपेट में मकान में मौजूद लोगों के साथ पड़ोसी भी आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग बुझाई। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसे छह घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत, अपर पुलिस अधीक्षक व एसडीएम सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हालचाल जाना। एसपी ने घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।
