गुरसरांय (झांसी)। अतिवृष्टि से बर्बाद हुई खरीफ फसलों और क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों की आपदा राहत राशि के वितरण में हो रही भारी धांधली के खिलाफ किसान संगठनों ने प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (आजाद हिन्द) के युवा जिलाध्यक्ष हरनारायण सिंह घोष एवं भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के मण्डल उपाध्यक्ष धूराम राजपूत के संयुक्त नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने मण्डलायुक्त झांसी मण्डल एवं उपजिलाधिकारी गरौठा को मांग पत्र सौंपकर भ्रष्ट लेखपालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।उच्चाधिकारियों को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पठा और खड़ैनी सहित पूरी गरौठा तहसील में अतिवृष्टि से किसानों की तिल,उड़द और मूंगफली की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं।आरोप है कि शासन द्वारा जारी राहत राशि पीड़ित किसानों तक पहुंचने के बजाय तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गई है। किसान नेताओं ने कहा कि लेखपाल और उनके दलाल (मुंशी) उन्हीं किसानों का नुकसान दर्शाकर मुआवजा दे रहे हैं,जो उन्हें अवैध कमीशन दे रहे हैं।वहीं अन्य किसानो का नुक़सान कम दर्शाया जा रहा है और किसान मुआवजे के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।जनसुनवाई पोर्टल (आइजीआरएस) पर फर्जी निस्तारण का आरोप
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि भीषण बारिश से कई कच्चे मकान धराशायी हो गए हैं, लेकिन उन्हें न तो मुआवजा मिला है और न ही आवास योजना का लाभ। इसके अलावा,लेखपाल मौके पर जाकर सर्वे करने के बजाय कार्यालय में बैठकर मनगढ़ंत रिपोर्ट लगा रहे हैं। जब पीड़ित किसान जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायत करते हैं, तो बिना स्थलीय निरीक्षण किए ही झूठी आख्या लगाकर शिकायतों का फर्जी निस्तारण कर दिया जाता है। लेखपालों द्वारा सिकायत कर्ताओं से फोन पर कोई जानकारी नहीं दी जाती है परन्तु आख्या में फोन पर बताने का जिक्र किया जा रहा है।किसान संगठनों की प्रमुख मांगें निष्पक्ष जांच व मुआवजा कमीशनखोरी की उच्चस्तरीय जांच कर सभी पात्र किसानों को शासन के मानकों के अनुसार राहत राशि दी जाए।सर्वे सूची सार्वजनिक हो किस मानक के तहत मुआवजा स्वीकृत हुआ है, इसकी ग्रामवार प्रमाणित सर्वे सूची संगठनों को दी जाए और तहसील व ग्राम पंचायत के सूचना पट्ट पर चस्पा की जाए।आवास व मकान क्षति मुआवजा: क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के पीड़ितों को तत्काल मुआवजा और मुख्यमंत्री/प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिले।भ्रष्ट कर्मचारियों पर कार्रवाई: किसानों से अवैध वसूली करने वाले लेखपालों और उनके दलालों को चिह्नित कर तत्काल निलंबित किया जाए व कानूनी कार्रवाई हो।किसान नेताओं ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर पीड़ित किसानों को न्याय नहीं दिलाया गया,तो किसान सड़कों पर और तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन व उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे,जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं स्थानीय प्रशासन की होगी।ये रहे मौजूद ज्ञापन सौंपने के दौरान बामौर ब्लॉक अध्यक्ष रबी खरे (हरदुआ),प्रहलाद तिवारी, लाखन सिंह,मेहताब सिंह, रामाधार सिंह,नरेश, रविन्द्र कुमार (पठा), राजकुमार,चंचल सेन, दक्ष पटेल, ओमकार (खड़ैनी), असगर अली (हरदुआ) सहित दोनों संगठनों के अनेक पदाधिकारी और क्षेत्र के सैकड़ों पीड़ित किसान मौजूद रहे।
