झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी के न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद कनकने को प्रयागराज में आयोजित उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड न्यूरोसाइंस सोसायटी के वार्षिक अधिवेशन में सम्मानित किया गया। डॉ. कनकने को लकवा (पैरालिसिस) रोग के नवीनतम उपचार पर अपना शोध प्रस्तुत करने तथा चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। इस वार्षिक सम्मेलन में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के 500 से अधिक न्यूरोलॉजी विशेषज्ञों ने सहभागिता की। उल्लेखनीय है कि डॉ. अरविंद कनकने विगत तीन वर्षों से उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड न्यूरोसाइंस सोसायटी के सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सोसायटी की गतिविधियों को विस्तार देने और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इसी संगठनात्मक योगदान को देखते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। डॉ. कनकने की इस उपलब्धि से महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी सहित चिकित्सा जगत में हर्ष का माहौल है। उनकी उपलब्धि को बुंदेलखंड के लिए भी गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
