झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में मरीज को लेकर पहुंचे तीमारदारों और सुरक्षा कर्मचारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और मारपीट होने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि विवाद के दौरान सुरक्षा कर्मचारियों ने भी डंडे चलाए, जिससे इमरजेंसी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों के तीमारदारों के साथ कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इमरजेंसी जैसे संवेदनशील स्थान पर जहां मरीजों को तत्काल उपचार और बेहतर देखभाल की आवश्यकता होती है, वहां इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं।
सुरक्षा के नाम पर मारपीट का अधिकार किसने दिया? यदि कोई तीमारदार नियमों का उल्लंघन करता है या अभद्रता करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। लेकिन कानून हाथ में लेकर मारपीट करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। अब सवाल यह है कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगा या नहीं? क्या सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान की जाएगी? क्या मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई ठोस कदम उठाया जाएगा?
