संवाददाता : नीलेश एन.के.डी.
मोंठ (झांसी)। मिशन शक्ति एवं ऑपरेशन जागृति अभियान के तहत गुरुवार को मोंठ थाना पुलिस ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बरथरी की छात्राओं को थाने का भ्रमण कराया। इस दौरान छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने छात्राओं को छेड़छाड़, साइबर अपराध, बाल विवाह, दहेज प्रथा और महिला उत्पीड़न के प्रति जागरूक किया। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना देने की अपील की।
छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
